दुकानदार ने मारपीट, धारदार औजार से हमला और गर्म तेल उड़ेलने का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी
पाटन, उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के सराय मनिहार गांव में आयोजित जलविहार मेले में मोमोज फिंगर की दुकान पर खाद्य सामग्री के रुपये मांगने को लेकर विवाद हो गया। दुकानदार ने एक युवक पर गाली-गलौज और मारपीट करने के साथ धारदार औजार से हमला करने तथा कड़ाही में रखा गर्म तेल उड़ेलने का आरोप लगाया है। घटना में दुकानदार समेत तीन लोगों के झुलसने की बात सामने आई है। पीड़ित ने बिहार थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम मनिकापुर निवासी सचिन सैनी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गुरुवार को वह अपने भाई सूरज सैनी और हेल्पर मोनू अवस्थी के साथ सराय मनिहार गांव में आयोजित जलविहार मेले में मोमोज फिंगर की दुकान लगाए था। शाम करीब 5:40 बजे सराय मनिहार निवासी लल्ला सिंह पुत्र फुद्दी सिंह दुकान पर आया और मोमोज फिंगर लिया।
सचिन के मुताबिक, खाद्य सामग्री के रुपये मांगने पर लल्ला सिंह गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि इसके बाद उसने सचिन, सूरज और मोनू के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने धारदार औजार से हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद कड़ाही में रखा गर्म तेल उन लोगों पर उड़ेल दिया गया, जिससे तीनों झुलस गए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद शिकायत करने का प्रयास करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद सचिन बिहार थाना पहुंचा और पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी राहुल सिंह गौर ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
