उन्नाव (RY News): विधानसभा भगवन्तनगर के सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक स्थित ग्राम बैदरा में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हुए जनसेवा शिक्षा समिति अवध प्रदेश (उ.प्र.) द्वारा संचालित ‘शिशु वाटिका’ का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं चर्चित समाजसेवी पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया।
“चाहे एक रोटी कम खाएं, पर बच्चों को जरूर पढ़ाएं”
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने शिक्षा को जीवन का सबसे शक्तिशाली हथियार बताया। उन्होंने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए भावुक अपील की और कहा, “चाहे हमें एक समय की रोटी कम खानी पड़े, लेकिन अपने बच्चों को शिक्षित जरूर करें। बिना शिक्षा के समाज और राष्ट्र की उन्नति की कल्पना करना असंभव है।” उन्होंने अपने निजी अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, वह केवल शिक्षा की ही देन है।
क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी शिशु वाटिका
पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर शिशु वाटिका की शुरुआत एक अत्यंत सकारात्मक पहल है। इससे छोटे बच्चों को खेल-खेल में प्रारंभिक शिक्षा का उत्कृष्ट वातावरण मिलेगा, जिससे उनका मानसिक और बौद्धिक विकास तेजी से होगा। उन्होंने समिति को आश्वस्त किया कि शिक्षा के मार्ग में यदि किसी भी प्रकार के संसाधनों की कमी आती है, तो वे उसे पूरा करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
सम्मान और गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने मुख्य अतिथि पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर शिक्षा समिति की अध्यक्ष सरिता सिंह, जिला पंचायत सदस्य ब्रजभूषण पासवान समेत भारी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से सुरेश, मुकेश, सत्येंद्र, ऋतिक, रोहित सिंह, श्याम मनोहर शुक्ला, मनोज कुमार, कुंवर महेंद्र सिंह, पप्पू सिंह, ज्ञान सिंह, प्रखर सिंह, सुनील सिंह, विक्रम यादव, राघवेंद्र सिंह, आशू सिंह, रामजी यादव, सेनू यादव, अनीश यादव, कमलेश, मोहम्मद सलीम और नरेश वर्मा शामिल रहे।
