पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान थानों में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं संबंधित अधिकारियों ने सुनीं और शिकायतों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को लेकर फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
बिहार थाना में नायब तहसीलदार अविनाश मिश्रा की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां राजस्व एवं मारपीट से संबंधित कुल सात शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बीघापुर कोतवाली में नायब तहसीलदार विजय रंजन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित मामलों की जांच के लिए कमेटी गठित की। अधिकारियों ने जांच टीम को शिकायतों की निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय में मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में बारासगवर थाना में कानूनगो की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस संपन्न हुआ। यहां चार शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें एक मामले का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के संबंध में अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
