उन्नाव। स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी राष्ट्रीय पर्व से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोग अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराएं। उन्होंने अधिकारियों को ध्वज संहिता और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराने के साथ अभियान में सक्रिय सहभागिता करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए डीएम ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा। खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों, पार्कों तथा कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई बेहतर तरीके से कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सरकारी और गैर सरकारी प्रतिष्ठानों को आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से सजाने तथा प्रमुख पार्कों में सेल्फी प्वाइंट तैयार कराने को कहा। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ी गतिविधियों की तस्वीरें लेकर उन्हें संबंधित वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।
स्कूलों में निकलेगी तिरंगा रैली और प्रभात फेरी
जिलाधिकारी ने शैक्षणिक संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए। स्कूलों में तिरंगा रैली, प्रभात फेरी और ध्वजारोहण सहित विभिन्न कार्यक्रम कराने को कहा गया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी को क्रॉस कंट्री दौड़ की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं उपायुक्त उद्योग को औद्योगिक इकाइयों में स्वच्छता अभियान चलाने, सड़क किनारे स्थित इकाइयों में तिरंगा आधारित प्रकाश व्यवस्था कराने और श्रमिकों की भागीदारी सुनिश्चित कराने को कहा गया।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और उन्हें सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमिताभ यादव, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
