उन्नाव। उत्तर प्रदेश के जनपद उन्नाव में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली सदर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोने की चेन चोरी करने वाली एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी का माल बेचने के बाद बचे हुए ₹9500 की नकदी बरामद हुई है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में दी थी चोरी को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, बीती 23 अप्रैल 2026 को एबी नगर निवासी सुशीला कन्नौजिया ने कोतवाली सदर में तहरीर दी थी कि एक अज्ञात महिला ने उनकी सोने की चेन चोरी कर ली है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मु0अ0सं0 242/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। गुरुवार (7 मई 2026) को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की संदिग्ध महिला सिंधूपुर मोड़ के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सोनी पत्नी आनंद चौहान (निवासी दौसा, राजस्थान) को धर दबोचा।
जुर्म कबूला, बरामद हुई नकदी
पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने 23 अप्रैल को सुशीला कन्नौजिया की चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि महिला ने चेन बेच दी थी, जिसमें से बचे हुए ₹9500 उसके कब्जे से बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 317(4) BNS की वृद्धि कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुराना है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार की गई 35 वर्षीय सोनी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह साल 2018 में बरेली जीआरपी द्वारा धारा 380/411/414 के तहत जेल भेजी जा चुकी है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल:
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक चन्द्र कान्त मिश्र, उ0नि0 अनिल कुमार साहू, हे0का0 शादाब खान, का0 निशांक यादव और महिला कांस्टेबल साक्षी व सोनाली की मुख्य भूमिका रही।
