बाराबंकी | राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बाराबंकी द्वारा जीआईसी ऑडिटोरियम में मेगा/वृहद विधिक जागरूकता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रशासनिक न्यायमूर्ति मनीष कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की निगरानी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतिमा श्रीवास्तव द्वारा की गई। शिविर का उद्देश्य “एक छत, एक समाधान” की अवधारणा को साकार करते हुए पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा।
एक मंच से मिला बहु-विभागीय लाभ
शिविर में समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, नगर पालिका, रोजगार एवं अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए।
- विद्यार्थियों को प्री-मैट्रिक व पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए गए।
- दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर व अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
- वृद्धावस्था, विधवा व निःशक्तता पेंशन स्वीकृति पत्र दिए गए।
- मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
- गर्भवती महिलाओं को पोषण किट प्रदान की गई।
- चयनित युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रवेश पत्र दिए गए।
- स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविर व निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
नगर पालिका की घर-घर सफाई योजना के अंतर्गत स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। “एक जिला एक उत्पाद” एवं जिला कारागार निर्मित वस्तुओं के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शिविर में लगभग 1200 लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।
पारदर्शिता व अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर जोर
न्यायमूर्ति मनीष कुमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना भेदभाव पहुंचे, यह सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।
वहीं, प्रतिमा श्रीवास्तव ने कहा कि यह पहल संविधान में वर्णित सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय सहित न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी, बार एसोसिएशन पदाधिकारी, सामाजिक संस्थाएं, पैनल अधिवक्ता, पत्रकार व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष पाठक द्वारा किया गया तथा अंत में सचिव श्रीमती शिवानी रावत ने सभी का आभार व्यक्त किया।
