बीघापुर/उन्नाव। बीघापुर थाना क्षेत्र में फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 2 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जनपद उन्नाव में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक 11 मई 2025 को रामप्रकाश पुत्र अयोध्या, निवासी ग्राम प्रभुवाखेड़ा थाना पुरवा ने थाना बीघापुर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 107/25 धारा 406, 420, 323, 504, 506 भादवि के तहत पंजीकृत किया गया। आरोप था कि आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 2 लाख रुपये की ठगी की। विवेचना के दौरान मामले में धारा 467, 468 और 471 भादवि की बढ़ोत्तरी की गई।
पुलिस टीम ने 22 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:15 बजे वांछित अभियुक्त सत्यपाल पुत्र गंगानारायण (47 वर्ष), निवासी ग्राम मर्दनपुर थाना बीघापुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह व कांस्टेबल आदित्य शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
