बाल श्रम के खिलाफ अभियान, चार बाल एवं किशोर श्रमिकों का हुआ चिन्हांकन

उन्नाव। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद उन्नाव में बाल एवं किशोर श्रम के विरुद्ध सोमवार को श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए चार बाल एवं किशोर श्रमिकों का चिन्हांकन किया गया।
सहायक श्रमायुक्त एस.एन. नागेश ने बताया कि यह अभियान राधेश्याम सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी उन्नाव के नेतृत्व में चलाया गया। निरीक्षण दल में शिववीर सिंह, सब-इंस्पेक्टर तथा अब्दुल जब्बार, ए.एच.टी. उन्नाव शामिल रहे। टीम ने तहसील पुरवा क्षेत्र में कुल चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जहां बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के अंतर्गत उल्लंघन पाए गए।
अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले सेवायोजकों के विरुद्ध स्थल पर ही निरीक्षण टिप्पणी जारी की गई है तथा उनके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक श्रमायुक्त ने जिले के सभी प्रतिष्ठान स्वामियों से अपील की है कि वे बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने में प्रशासन का सहयोग करें और जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने के अभियान में सहभागी बनें।
