डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला की पत्नी मुझे बार-बार कॉल क्यों करती थी – बेटे का बर्थडे, पत्नी के फोन और जमीन का खेल
कानपुर। निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला पर जमीन हड़पने के आरोपों के मामले में नया मोड़ आ गया है। शिकायतकर्ता मनोहर शुक्ला ने अब सबूतों के साथ पलटवार करते हुए डीएसपी और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने फोटो और कॉल रिकॉर्ड जारी कर कहा कि अगर मैं अपराधी था, तो डीएसपी और उनकी पत्नी मुझे घर के कार्यक्रमों में क्यों बुलाते थे?
मनोहर शुक्ला का दावा है कि उन्होंने डीएसपी के बेटे के जन्मदिन का पूरा खर्च — करीब डेढ़ लाख रुपये — खुद उठाया था। यह आयोजन रॉयल क्लिप होटल में हुआ था। मनोहर ने बताया कि वे डीएसपी के परिवार के इतने करीब थे कि घर की पूजा और पारिवारिक पार्टियों में भी शामिल होते थे। उन्होंने सवाल उठाया, “अगर मैं अपराधी था तो डीएसपी और उनकी पत्नी मेरे साथ इतने नज़दीकी रिश्ते क्यों रखते थे?”
मनोहर के अनुसार, डीएसपी और उनके बीच जमीन को लेकर रेंट एग्रीमेंट हुआ था, जिसके दस्तावेज उनके पास हैं। असली विवाद तब शुरू हुआ, जब जमीन की कीमत बढ़कर 60 से 70 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। आरोप है कि इसके बाद डीएसपी ने एनकाउंटर की धमकी देकर जमीन पर कब्जा कर लिया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने अपने पैसे की मांग की, तो डीएसपी ने कहा – “जो दे दिया वही काफी है, ज़्यादा मांगा तो एनकाउंटर करवा दूंगा।” डर के चलते मनोहर ने कुछ समय तक चुप्पी साध ली, लेकिन जब अन्य पीड़ित भी सामने आए तो उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला निलंबित हैं और विजिलेंस जांच में शामिल हैं। जांच में अब तक करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्तियों और कई बेनामी निवेशों का खुलासा हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण में कई प्रभावशाली व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
