उन्नाव। सहायक श्रमायुक्त एस.एन. नागेश ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सGन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, लखनऊ द्वारा निर्माण श्रमिकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। जिन पंजीकृत निर्माण श्रमिकों ने अभी तक अपना नवीनीकरण नहीं कराया है, उन्हें अब 15 नवम्बर 2025 तक नवीनीकरण कराने का अवसर दिया गया है।
सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी, उन्नाव ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि “जीरो पॉवर्टी अभियान” के अंतर्गत अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि उन्हें कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
इस क्रम में आज बांगरमऊ ब्लॉक कार्यालय में श्रम विभाग की टीम द्वारा कैंप आयोजित किया गया, जिसमें “जीरो पॉवर्टी अभियान” के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के नवीनीकरण और योजनाओं से लाभान्वित कराने पर विस्तृत चर्चा की गई।
कैंप के दौरान पंचायत सहायक, रोजगार सेवक और महिला सखी को अधिक प्रभावी रूप से इस अभियान में सहयोग देने का आह्वान किया गया। खंड विकास अधिकारी, बांगरमऊ ने श्रम विभाग को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
सहायक श्रमायुक्त नागेश ने जिले के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे 15 नवम्बर 2025 तक अपने पंजीयन कार्ड का नवीनीकरण अवश्य करा लें और भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न हितकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
बैठक और कैंप में के.एस. अवस्थी (श्रम प्रवर्तन अधिकारी, उन्नाव), दीपकांत (एडीओ पंचायत) तथा शिवलाल (एपीओ मनरेगा) उपस्थित रहे।
