पुरवा,उन्नाव। तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत में स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के चलते अवैध क्लीनिक, अस्पताल, पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड सेंटरों का संचालन खुलेआम जारी है। नियमों के विपरीत ये सेंटर बिना योग्य तकनीशियन और बिना पंजीकरण के मरीजों की जांच कर रहे हैं, जिससे आम लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई पैथोलॉजी सेंटरों में बिना लैब टेक्नीशियन के खून की जांच की जा रही है और रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जबकि यह कार्य केवल प्रशिक्षित व प्रमाणित तकनीशियन ही कर सकता है। इसके बावजूद ऐसे सेंटर बेधड़क संचालित होते दिखाई दे रहे हैं। यही नहीं, कुछ अल्ट्रासाउंड सेंटर बिना डॉक्टर की मौजूदगी में ही जांच कर रहे हैं, लोगों की जानकारी के अनुसार एक अल्ट्रासाउंड तो लिंग निर्धारण कर मोटी रकम कमा रहा है जो पूरी तरह अवैध और दंडनीय अपराध है।
नगर पंचायत क्षेत्र के कई अवैध क्लीनिकों पर बिना डिग्रीधारी व्यक्तियों द्वारा इलाज किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं कि इन क्लीनिकों पर न तो डॉक्टरों की योग्यता का सत्यापन है और न ही आधारभूत चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध। ऐसी अवैध चिकित्सा व्यवस्था से मरीजों की जान के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द ऐसे सभी अवैध क्लीनिक, अस्पताल, पैथोलॉजी व अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि जब तक स्वास्थ्य विभाग गंभीरता नहीं दिखाएगा, तब तक इस तरह की लापरवाही लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बनी रहेगी।
