पाटन, उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में मारपीट की दो घटनाएँ सामने आईं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना: खेत में बकरी घुसने पर विवाद, किसान का सिर फटा
पहली मारपीट की घटना मंगलवार को ग्राम कलुआ खेड़ा मजरे जमीपुर में हुई। पीड़ित किसान देशराज पुत्र बदलू ने पुलिस को बताया कि विपक्षी किशोर लोध पुत्र भीखू लोध की बकरी उसके खेत में घुसकर गेहूं की फसल चर रही थी।
इसकी शिकायत लेकर जब वह किशोर के घर पहुंचा, तो बात करते ही विपक्षी गुस्से में आ गया और लाठी से हमला कर दिया। हमले में देशराज का सिर फट गया।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुँचे और उसे बचाया। पुलिस ने देशराज की तहरीर पर आरोपी किशोर लोध के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना: बकाया धान मांगने पर विवाद, किसान घायल
दूसरी घटना थाना क्षेत्र के ग्राम जालापुर में घटी। पीड़ित आनंद प्रताप सिंह पुत्र राजकिशोर ने बताया कि उन्होंने विपक्षी आशु भदौरिया पुत्र स्वर्गीय राम बक्स सिंह को खेत कूते पर दिया था, जिसके बदले 4 कुंतल धान तय हुए थे।
आनंद प्रताप को 3 कुंतल 60 किलो धान मिल चुका था, जबकि 40 किलो धान बकाया था। मंगलवार को वह बकाया मांगने विपक्षी के घर पहुँचा, तभी विवाद बढ़ गया और विपक्षी ने मारपीट शुरू कर दी।
हमले में आनंद प्रताप का सिर फट गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी राहुल सिंह गौर ने बताया कि दोनों मामलों में तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
