मनोज शर्मा/लखनऊ
लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर क्षेत्र स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में रविवार को जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन (रजि.) उत्तर प्रदेश (जेपीए) की छमाही बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों के समक्ष आ रही समस्याओं, उनके साथ घटित हो रही घटनाओं तथा सामाजिक सरोकारों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार फरहान इराकी की माता के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बैठक को संबोधित करते हुए जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह ने कहा कि पत्रकारों को अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए संगठित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए संघर्ष करने के साथ-साथ पत्रकारों को अपनी समस्याओं, सुख-दुख और पारिवारिक दायित्वों के लिए भी समय निकालना होगा। संगठन की मजबूती ही पत्रकारों की आवाज को सशक्त बनाएगी।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे। साथ ही जनवरी माह में प्रस्तावित अगली बैठक की रूपरेखा भी तय की गई।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष रवि जायसवाल, कोषाध्यक्ष नरसिंह नारायण पांडेय, संरक्षक सदस्य विवेक विश्व पांडेय, सचिव अभिषेक सिंह, मीडिया प्रभारी सत्येंद्र शर्मा, उपसचिव विजय शंकर दुबे, सह मीडिया प्रभारी सौरभ निगम सहित जिले की टीम से सनी शाह, आनंद सिंह, बबलू, रोशनी सोनकर, प्रियंका निगम, पूर्णिमा सोनकर, निशांत सिंह, शेखर सिंह, अंकित गुप्ता, विशाल कुमार, नीरज कुमार समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
