उत्तर प्रदेश। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने औपचारिक रूप से घोषणा करते हुए गोरखपुर से आने वाले वरिष्ठ नेता और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनका चयन निर्विरोध हुआ है, क्योंकि इस पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया था।
पंकज चौधरी की नियुक्ति को 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों और उससे पहले प्रस्तावित जिला पंचायत चुनावों की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव और सामाजिक पकड़ से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
पूर्वांचल और सामाजिक समीकरणों पर मजबूत पकड़
महाराजगंज लोकसभा सीट से पंकज चौधरी अब तक सात बार सांसद रह चुके हैं। पूर्वांचल क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। कुर्मी समुदाय से आने वाले पंकज चौधरी की ओबीसी, कुर्मी और सवर्ण मतदाताओं के बीच अच्छी स्वीकार्यता है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनावों में कुर्मी मतदाताओं के एक बड़े वर्ग का झुकाव विपक्ष की ओर रहा था। ऐसे में भाजपा ने इस वर्ग को फिर से अपने पाले में लाने के लिए चौधरी पर भरोसा जताया है।
घर पर बधाइयों का तांता
प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की खबर के बाद गोरखपुर स्थित पंकज चौधरी के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। समर्थक, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार कर रहे हैं।
परिवार से बातचीत में उनकी माता ने कहा कि पंकज चौधरी ने लगातार मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने पार्षद से लेकर सांसद और अब प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर तय किया है, जो पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है। वहीं, उनकी बहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
शीर्ष नेतृत्व के भरोसेमंद
पंकज चौधरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है। वर्ष 2024 में वह उत्तर प्रदेश की महराजगंज सीट से सातवीं बार लोकसभा सांसद चुने गए थे। अब प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी जिम्मेदारी संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में भाजपा को नई बढ़त दिलाने की होगी।
भाजपा नेतृत्व को उम्मीद है कि पंकज चौधरी के अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और सामाजिक संतुलन से पार्टी को उत्तर प्रदेश में राजनीतिक रूप से और अधिक मजबूती मिलेगी।
