लखनऊ (आर.वाई)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेताओं ने भारत को वैचारिक और विकासात्मक दिशा दी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए देश आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ के लोकार्पण समारोह में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अटलजी के शब्द केवल काव्यात्मक अभिव्यक्ति नहीं थे, बल्कि वे भारत के उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनके दृढ़ विश्वास और दूरदर्शिता को दर्शाते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपनी कविता में जिस आशावाद का संदेश दिया था—“अंधेरा छंटेगा, सूरज उगेगा और कमल खिलेगा”—वह आज विकसित भारत के रूप में साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि अटलजी कवि, पत्रकार, राष्ट्रवादी विचारक और सच्चे देशभक्त के रूप में भारत को ऐसा नेतृत्व देकर गए, जिसकी छाप आज विकास कार्यों में स्पष्ट नजर आती है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में आत्मनिर्भर भारत की जो तस्वीर सामने आ रही है, उसके पीछे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों की प्रेरणा निहित है। ये सभी महापुरुष आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने इस अवसर पर भारत माता के अन्य महान सपूतों को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षाविद महामना मदन मोहन मालवीय ने काशी में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनकी सेवाओं को सम्मान देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत रत्न से अलंकृत किया।
योगी आदित्यनाथ ने वीर योद्धा बिजली पासी का भी स्मरण करते हुए कहा कि उनका साहस और बलिदान आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
