उन्नाव। हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक प्रसिद्ध तकिया मेले के समापन अवसर पर सोमवार को गंगा-जमुनी तहजीब से ओत-प्रोत भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। हास्य-व्यंग्य, ओज, गीत और ग़ज़लों से सजी इस काव्य संध्या में देर शाम तक श्रोताओं की भारी मौजूदगी रही और तालियों की गूंज से पूरा माहौल जीवंत बना रहा।
कवि सम्मेलन का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक आशुतोष शुक्ला ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। कवि समीर ने “दरस-परस कर शारदे मैया, तोरी पईया लागू…” की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
उन्नाव के गीतकार प्रदीप कुमार शर्मा ने “मेरे सारे पुष्पों का परिणाम कहां, ढूंढ रहे हैं दशरथ मेरा राम कहां” की पंक्तियों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। रायबरेली से आए कवि सुनील सरगम ने ओजस्वी काव्य पाठ करते हुए “विधान का वरदान है यह, मां आदि शक्ति की छांव है, शौर्य-साधना और सज्जनों की धरती है यह उन्नाव है” सुनाया, जिस पर खूब तालियां बजीं।
हास्य-व्यंग्य कवि अनुभव अग्यानी ने “थी दिखने में हथौड़ी मगर, कील रही है…” सुनाकर श्रोताओं को ठहाकों से लोटपोट कर दिया। कवि वाईपी सिंह ने गीत-ग़ज़लों से समां बांधा, जबकि फतेहपुर से आए कवि समीर शुक्ला ने अपने तीखे व्यंग्य से जमकर वाहवाही लूटी। आबकारी अधिकारी व कवि अनुराग मिश्र और कवि नरेंद्र उम्मीद ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
हास्य-व्यंग्य कवि डॉ. रामकिशोर वर्मा ने “है मुरीद आते जहां, वही बनी दरगाह…” पढ़कर खूब तालियां बटोरीं। कवि कमलेश शुक्ला, चंद्रकांत और योगेंद्र प्रताप सिंह ने भी प्रभावशाली काव्य पाठ किया। बीघापुर तहसीलदार गणेश सिंह ने अपनी शायरी और ग़ज़लों से महफिल में खास रंग जमा दिया।
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कवि चंद्रकांत बाजपेई ने की, जबकि संचालन योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर विधायक आशुतोष शुक्ला और मेलाधिकारी/उपजिलाधिकारी रणवीर सिंह ने कवियों को माल्यार्पण व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक मंच प्रभारी सुनील दीक्षित, नायब तहसीलदार विजय रंजन श्रीवास्तव, आबकारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह, समाजसेवी राजकुमार मिश्र, प्रधान कुलदीप चौधरी, विनोद सिंह लोधी, अरविंद प्रताप सिंह (एडवोकेट), मोहनलाल (एडवोकेट), सुधीर मिश्रा, विनोद मिश्रा, सूर्य प्रसाद शुक्ल, न्यू उन्नाव पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक अरविन्द पटेल सहित बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित
