एटा (नगला प्रेमी)। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ के नगला प्रेमी गांव में एक दवा कारोबारी ने आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के चलते अपने ही पूरे परिवार को खत्म कर दिया। आरोपी कमल सिंह ने अपनी पत्नी, जवान बेटी और बुजुर्ग माता-पिता की ईंट से सिर कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बेटी की शादी बनी मौत की वजह!
पुलिस पूछताछ में जो सच्चाई सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली है। आरोपी कमल सिंह की छोटी बेटी ज्योति की शादी आगामी 10 फरवरी को तय थी। शादी के लिए कमल को 4 लाख रुपये की व्यवस्था करनी थी, जो वह नहीं कर पा रहा था। सोमवार दोपहर इसी बात को लेकर पत्नी रत्ना देवी से उसका विवाद हुआ। गुस्से में पागल हुए कमल ने छत पर पड़ी इंटरलॉकिंग ईंट उठाई और पहले पत्नी, फिर बेटी ज्योति और मां श्यामा देवी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत की नींद सुला दिया। इसके बाद उसने नीचे आकर अपने पिता गंगा सिंह शाक्य की भी हत्या कर दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट देख सिहर उठे डॉक्टर
तीन डॉक्टरों की टीम ने शवों का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट के अनुसार, हमला इतना क्रूर था कि चारों के सिर, चेहरे और गर्दन की हड्डियां टूट गई थीं और दिमाग की नसें फट चुकी थीं। हत्या की भयावहता देख चिकित्सक भी दंग रह गए। पुलिस ने विसरा सुरक्षित रखा है ताकि यह पता चल सके कि हत्या से पहले परिवार को कोई नशीला पदार्थ दिया गया था या नहीं।
CCTV और मोबाइल चैटिंग ने खोला राज
वारदात के खुलासे में तकनीक ने बड़ी भूमिका निभाई।
- CCTV फुटेज: घर के आसपास लगे कैमरों में घटना के समय किसी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही नहीं मिली। केवल कमल सिंह ही घर के अंदर-बाहर आता-जाता दिखा।
- मोबाइल रिकॉर्ड: मृतका ज्योति दोपहर 1:20 बजे तक फोन पर चैटिंग कर रही थी। बड़ी बहन लक्ष्मी से उसकी दोपहर 1:10 बजे बात हुई थी, जिसमें उसने बताया था कि पिता खाना खाने घर आए हैं। इससे पुलिस को हत्या का सटीक समय (दोपहर 1:30 से 2:00 के बीच) पता चल गया।
एक साथ जलीं चार चिताएं, 12 साल के मासूम ने दी मुखाग्नि
मंगलवार को भूतेश्वर श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में चारों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ जलती चार चिताओं को देख पूरा जिला रो पड़ा। कमल के 12 वर्षीय पुत्र देवांश ने बिलखते हुए अपने दादा-दादी, मां और बहन को मुखाग्नि दी। इस दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे।
