उन्नाव। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन में हवाई हमले से बचाव और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में प्रशासन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा एवं फायर सर्विस की संयुक्त भागीदारी रही।

मॉक ड्रिल पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश के निर्देशन में संपन्न हुआ। मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड़, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे/न्यायिक) अमिताभ यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, उप जिलाधिकारी आनंद नायक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक ऊँची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। सायरन के साथ ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित कर ब्लैकआउट किया गया। इसके पश्चात पुनः सायरन बजते ही नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का अभ्यास कराया गया।
खतरा समाप्त होने पर ‘ऑल क्लियर’ सायरन दो मिनट तक बजाया गया। इसके बाद नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों एवं फायर सर्विस द्वारा आग बुझाने का प्रदर्शन किया गया। फायर वाहन की मदद से आग पर काबू पाया गया। वहीं एंबुलेंस सेवा के माध्यम से घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देकर गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, समन्वित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। सफल अभ्यास के साथ मॉक ड्रिल का समापन किया गया।
