उन्नाव। जी राम जी जन जागरण अभियान के अंतर्गत विकासखंड नवाबगंज की ग्राम पंचायत आशाखेड़ा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि ‘साक्षी महाराज’ तथा विशिष्ट अतिथि विधायक बृजेश रावत ने ग्रामवासियों से सीधा संवाद किया।
इस अवसर पर सांसद साक्षी महाराज ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान और युवाओं का समग्र विकास है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने और विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
विधायक बृजेश रावत ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि प्रताप सिंह सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी और आवास से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का भरोसा जनप्रतिनिधियों द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम का समापन ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
