अज्ञात हमलावर ने सीने में मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
उन्नाव। जनपद उन्नाव के असोहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोकुलपुर गांव में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। गांव के प्राथमिक विद्यालय में लगभग दो दशकों से कार्यरत शिक्षामित्र श्रीकांति (39) पत्नी ओमकार रावत की अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में भय और शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है। श्रीकांति अपने घर में चारपाई पर सो रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज से परिजन जाग गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते, श्रीकांति चारपाई पर खून से लथपथ अवस्था में पड़ी थीं और उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतका की 13 वर्षीय बेटी रिया के अनुसार, उसकी मां रात में लघुशंका के लिए उठी थीं। तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य भी जागे और पास में रहने वाले जेठ राजेंद्र मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना असोहा पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी तेज बहादुर सिंह और थानाध्यक्ष फूल सिंह ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर के अंदर और बाहर से साक्ष्य जुटाए गए। मृतका के पति की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
श्रीकांति गांव के स्कूल में लंबे समय से शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थीं। उनके सरल और शांत स्वभाव के कारण वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थीं। परिवार में पति और बेटी गांव में ही रहते हैं, जबकि उनका बड़ा बेटा ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। परिजनों के अनुसार किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था, जिससे घटना और भी रहस्यमय बन गई है।
जांच के दौरान पुलिस को उस समय उलझन हुई जब मृतका की बेटी के बयान में विरोधाभास सामने आया। पहले बयान में उसने हमलावर को भागते देखने की बात कही, जबकि बाद में कहा कि गोली की आवाज से नींद खुली और कुछ साफ दिखाई नहीं दिया। पुलिस इन बयानों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्य और पारिवारिक पृष्ठभूमि के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। लोग यह सोचकर स्तब्ध हैं कि एक शिक्षिका की इस तरह निर्मम हत्या आखिर किसने और क्यों की। अब पूरे गांव की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।
