उन्नाव।राजकीय इंटर कॉलेज उन्नाव में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 45वीं जनपदीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरांग राठी ने की। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने खेलकूद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वार्षिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की पहली सीढ़ी हैं। जनपद स्तर से मंडल और मंडल से प्रदेश स्तर तक बेहतर प्रदर्शन कर बच्चे न केवल अपना बल्कि जनपद का भी नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेल में दिया गया समय कभी व्यर्थ नहीं जाता, इससे शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक और बौद्धिक विकास भी होता है तथा बच्चों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के प्रति भी प्रोत्साहित करें और कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों को खेल के क्षेत्र में प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्राम स्तर पर खेलकूद, नाट्य मंचन और गायन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर बच्चों का भविष्य उज्ज्वल किया जाना चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानु मिश्रा ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में हार-जीत से घबराने की आवश्यकता नहीं है। हार से सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता का मार्ग है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों को अनुभव और सकारात्मक सोच मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय के पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में विजेता बच्चों को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं में 239 अंक प्राप्त कर बिछिया ब्लॉक ओवरऑल चैंपियन बना। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत देवारा कला की छात्रा द्वारा विशेष व्यायाम प्रदर्शन तथा यूपीएस मिर्री कला की छात्रा सुभाषिनी द्वारा मां काली की थीम पर नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का समापन झंडा उतारकर राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
