मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पुलिस ने सांप से कटवाकर युवक की हत्या किए जाने के मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की पूरी साजिश 20 लाख रुपये की बीमा राशि हड़पने के उद्देश्य से रची गई थी।
मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडे ने बताया कि हस्तिनापुर थाना क्षेत्र निवासी अतुल पंवार की मौत को शुरुआत में सांप के काटने से हुई सामान्य घटना माना जा रहा था। लेकिन पुलिस को परिस्थितियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।
Vedio देखने के लिए क्लिक करे :
जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी दामिनी के तुषार उर्फ निक्की नामक युवक से प्रेम संबंध थे। दोनों ने अपने दो अन्य साथियों सोनू और उदय के साथ मिलकर अतुल की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात अतुल को पहले दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाई गईं, जिससे वह गहरी नींद में चला गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके कंबल में एक जहरीला सांप छोड़ दिया। सांप के डसने से अतुल की मौत हो गई और इसे प्राकृतिक हादसा दिखाने की कोशिश की गई।
पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि अतुल के नाम लगभग 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था। आरोपियों की योजना बीमा की रकम हासिल करने की थी। पुलिस के अनुसार, साजिश में शामिल सहयोगियों को पांच-पांच लाख रुपये देने का भी वादा किया गया था।
एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि करीब 20 दिन पहले अतुल की एक संदिग्ध सड़क दुर्घटना भी इसी साजिश का हिस्सा थी। उस समय भी आरोपियों ने उसकी हत्या का प्रयास किया था, लेकिन वह योजना सफल नहीं हो सकी।
फिलहाल पुलिस ने पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार उर्फ निक्की और सहयोगी सोनू व उदय को गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
बाइट: अविनाश पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), मेरठ।
