जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह ने किया शुभारंभ, नई समितियों के गठन और जर्जर भवन के पुनर्निर्माण का दिया आश्वासन
उन्नाव। जनपद के विकासखंड बीघापुर स्थित अकवाबाद साधन सहकारी समिति का करीब एक दशक बाद शनिवार को पुनः संचालन शुरू हो गया। लंबे समय से बंद पड़ी समिति के दोबारा खुलने से क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, उन्नाव के अध्यक्ष अरुण सिंह ने समिति का विधिवत शुभारंभ किया और किसानों को खाद वितरित कर सेवाओं की शुरुआत कराई।
समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष कृष्ण कुमार और ग्राम प्रधान गीतेश सिंह ने अरुण सिंह का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय किसान क्रांति यूनियन के प्रदेश महासचिव डॉ. बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष बनने के बाद अरुण सिंह ने जनपद में खाद एवं उर्वरकों की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार किया है। उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए विकासखंड सुमेरपुर के मुड़ियाखेड़ा और बीघापुर के खरजारा में नई साधन सहकारी समितियों के गठन की मांग भी उठाई।
इस पर अरुण सिंह ने दोनों स्थानों पर नई समितियों के गठन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया। वहीं ग्राम प्रधान गीतेश सिंह ने करीब 50 वर्ष पुराने और जर्जर समिति भवन के पुनर्निर्माण की मांग रखी। किसानों द्वारा हस्ताक्षरयुक्त मांगपत्र भी उन्हें सौंपा गया, जिस पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
अपने संबोधन में अरुण सिंह ने कहा कि अकवाबाद साधन सहकारी समिति लगभग 10 वर्षों से बंद थी, जिससे किसानों को खाद और अन्य कृषि सुविधाओं के लिए दूर-दराज जाना पड़ता था। किसानों की समस्याओं को देखते हुए समिति का संचालन दोबारा शुरू कराया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और नई समितियों के गठन के साथ समिति भवन के पुनर्निर्माण जैसी मांगों पर भी प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पांच किसानों को प्रतीकात्मक रूप से खाद वितरित की गई। समारोह की अध्यक्षता नरेंद्र विक्रम सिंह ने की तथा अंत में सभी अतिथियों, किसानों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. बृजेंद्र प्रताप सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह ‘नाना’, तेज बहादुर सिंह, लल्लन सिंह, शत्रुघ्न सिंह, मनोज सिंह, सुशील कुमार, दिनेश द्विवेदी, सुरेश भदौरिया, विनोद सिंह (शिक्षक नेता), निर्भय लाल सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
