उन्नाव। जनपद उन्नाव की बिहार थाना पुलिस ने करीब 10 दिन पुराने अज्ञात महिला हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सेलेरियो कार (UP32 HD 6636) भी बरामद कर ली है। मामले के खुलासे में बिहार थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। इस शानदार कार्य के लिए आईजी लखनऊ रेंज ने पुलिस टीम को 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को बिहार-मौरावां मार्ग पर केदारखेड़ा नहर पुलिया के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिली थी। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट के कारण मौत की पुष्टि होने के बाद बिहार थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए 11 जुलाई को स्वाट और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया। लगातार तकनीकी और मैनुअल जांच के बाद पुलिस ने 16 जुलाई को लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
गिरफ्तार मुख्य आरोपी राधाकांत दुबे उर्फ कक्कू ने पूछताछ में बताया कि उसका मृतका से प्रेम संबंध था। मृतका उस पर साथ रहने का दबाव बना रही थी, जिससे वह परेशान था।
आरोपी ने योजना बनाकर 5 जुलाई को महिला को अपने एक परिचित के खाली पड़े मकान में बुलाया। वहां उसने कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर महिला को पिला दीं। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी ने ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
शव ठिकाने लगाने के लिए दोस्तों की ली मदद
हत्या के बाद आरोपी ने अपने मित्र उमेश चन्द्र यादव को बुलाया, जो कार लेकर पहुंचा। शव को ठिकाने लगाने के लिए सुमन वर्मा को भी साथ रखा गया ताकि रास्ते में पुलिस जांच होने पर यह दिखाया जा सके कि परिवार की महिला को इलाज के लिए ले जाया जा रहा है। इसके बाद तीनों ने शव को बिहार थाना क्षेत्र में नहर किनारे फेंक दिया।
लखनऊ में दर्ज थी गुमशुदगी
पूछताछ के दौरान मृतका की पहचान हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों ने 7 जुलाई 2026 को कृष्णानगर थाना, लखनऊ में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
हत्या में प्रयुक्त कार बरामद
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सेलेरियो कार (UP32 HD 6636) भी बरामद कर ली है, जिसका इस्तेमाल शव को घटनास्थल तक ले जाने में किया गया था।
मुख्य आरोपी पर 18 से अधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राधाकांत दुबे उर्फ कक्कू का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट सहित 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सह-आरोपी उमेश चन्द्र यादव के खिलाफ भी हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिला सम्मान
इस ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा करने पर पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र ने बिहार थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को ₹50,000 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
यह खुलासा उन्नाव पुलिस की तकनीकी जांच, सर्विलांस और सटीक पुलिसिंग का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।
