पाटन उन्नाव । तहसील बीघापुर स्थित राव राम बख्श सिंह सभागार में भाजपा नेता एवं जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह की ओर से अधिवक्ताओं के सम्मान समारोह एवं आत्मीय जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन अधिवक्ता आशुतोष सिंह ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समाज को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अधिवक्ता समाज को सही दिशा दिखाने के साथ ही व्यवस्था का आईना दिखाने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति और सामाजिक सरोकारों में भी अधिवक्ता समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
अरुण सिंह ने क्षेत्रवासियों को जानकारी देते हुए कहा कि अक्टूबर माह में गौरी, बीघापुर में विश्व प्रसिद्ध शिव पुराण कथा वाचक पं. प्रदीप जी महाराज की कथा का आयोजन प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि कथा 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होगी। उन्होंने अधिवक्ताओं से कार्यक्रम में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी इस आयोजन के यजमान हैं।
इस दौरान अरुण सिंह ने वरिष्ठ एवं अग्रज अधिवक्ताओं को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही तहसील स्थित बार भवन की मरम्मत के लिए अपने निजी स्रोत से एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में बीघापुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह एडवोकेट, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कुमार शुक्ला, बैसवारा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह, बीघापुर बार एसोसिएशन के मंत्री सुरेश पटेल सहित प्रभात सिंह, श्यामू सिंह, निर्मल कुमार, रणविजय सिंह, विजय सिंह, मुनेश शुक्ला, सुरेश, रमेश वर्मा समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने अरुण सिंह का आभार व्यक्त करते हुए बार भवन की मरम्मत के लिए की गई घोषणा का स्वागत किया।
