पाटन (उन्नाव)। तहसील बीघापुर क्षेत्र के ग्राम इंदामऊ में शुक्रवार सुबह खेत में बने एक छप्पर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से उसके नीचे बंधी पांच बकरियों की जलकर मौत हो गई। आग की चपेट में आने से छप्पर में रखा घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के समय परिवार का कोई सदस्य मौके पर मौजूद नहीं था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम इंदामऊ निवासी रामवती पत्नी बिंदादीन के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे वह बकरियों को छप्पर के नीचे बांधकर धान की रोपाई करने खेत में चली गई थीं। उनके पति मजदूरी करने गए थे, जबकि बच्चे स्कूल गए हुए थे। इसी दौरान अचानक छप्पर में आग लग गई। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास करते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। इससे छप्पर के नीचे बंधी पांचों बकरियां जिंदा जल गईं। वहीं छप्पर में रखा गृहस्थी का सामान भी राख हो गया।सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल अनुराग श्रीवास्तव ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।एसडीएम आनंद कुमार नायक ने बताया कि लेखपाल से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
