नगर पंचायत भगवंतनगर में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, अंगवस्त्र व उपहार भेंट किए
पाटन, उन्नाव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर नगर पंचायत भगवंतनगर में सफाई कर्मचारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष आशीष कुमार शुक्ला उर्फ रिंकू शुक्ला ने सफाई कर्मचारियों के पैर पखारकर उनका सम्मान किया। इसके बाद कर्मचारियों को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष आशीष कुमार शुक्ला ने कहा कि सफाई कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर नगर पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में उनका योगदान अहम है, इसलिए उनके कार्य के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का भाव रखना समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सेवा ही संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों के सम्मान के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।
इस दौरान सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किए जाने पर नगर पंचायत कर्मचारियों एवं मौजूद अन्य लोगों ने भी उनके कार्य की सराहना की। कार्यक्रम में नगर पंचायत के कर्मचारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
