मोहद्दीनपुर में आयोजित हुआ राहत वितरण कार्यक्रम, करीब 70 दिव्यांगजनों को मिला राशन
उन्नाव। जनपद उन्नाव का सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक लगातार दूसरे वर्ष बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ के चलते करीमाबाद, मोहद्दीनपुर, चंदनखेड़ा, परभनी सथरा, प्यारेपुर, कोटरिहा, अमलोना, सिहुरा, कुसलीखेड़ा और नौराबाद समेत कई गांव प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण ग्रामीणों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इनमें दिव्यांगजनों की स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
ऐसे कठिन समय में दिव्यांगजनों की मदद के लिए दिव्यांगजन फाउंडेशन ने राहत का हाथ बढ़ाया। लगातार दूसरे वर्ष फाउंडेशन की ओर से ग्राम मोहद्दीनपुर में बाढ़ आपदा राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों से पहुंचे करीब 70 दिव्यांगजनों को राशन सामग्री वितरित की गई।
राहत सामग्री समाज सेविका सोनी पांडेय के विशेष सहयोग से उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के वरिष्ठ सदस्य सचिन कुमार द्विवेदी ने की। वहीं राहत सामग्री के संयोजन और वितरण की जिम्मेदारी अजय यादव (मास्टर साहब) ने निभाई।
इस दौरान भाजपा नेता दुर्गेश दीक्षित (रानू दादा), भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ के सुधीर कुमार, पत्रकार बिजेंद्र सिंह, राहुल, रामू, मनीष, रामू कश्यप और कृष्णा सहित कई लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने बाढ़ प्रभावित दिव्यांगजनों के बीच राहत सामग्री पहुंचाने के फाउंडेशन के प्रयास की सराहना की।
फाउंडेशन के इस प्रयास से बाढ़ की कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को खाद्य सामग्री की मदद मिली। ग्रामीणों ने भी ऐसे सेवा कार्यों को आपदा के समय जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
