मौरावां। मौरावां थाना क्षेत्र के अहेसा गांव में पिछले पांच-छह दिनों से कटखन्ने बंदरों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बंदर लगातार बच्चों को निशाना बनाकर हमला कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार अब तक करीब छह बच्चे बंदरों के हमले में घायल हो चुके हैं। घटनाओं के बाद अभिभावक बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर रहे हैं।
गांव निवासी रामदीन ने बताया कि उनका पुत्र करन घर पर था, तभी अचानक बंदर ने उस पर हमला कर दिया और शरीर के कई स्थानों पर नोचकर घायल कर दिया। वहीं राममिलन ने बताया कि उनका पुत्र शिवम सुबह मच्छरदानी में सो रहा था, तभी बंदर ने उसे काट लिया।
इसी तरह ग्रामीण रघुबीर, मैकू, कानूनी, सुखराम और शीतलदीन आदि ने बताया कि पिछले पांच-छह दिनों से गांव में बंदरों का झुंड आ रहा है और बच्चों को निशाना बनाकर काट रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक बंदरों के हमले में घायल बच्चों को हिलौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर टीका भी लगवाया गया है।
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर वे चिंतित हैं और उन्हें अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से गांव में पहुंचकर कटखन्ने बंदरों को पकड़वाने तथा लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
