शमसाद सिद्धिकी
लखनऊ। पीजीआई थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुनसान स्थानों पर राह चलते लोगों को निशाना बनाकर झपटमारी और छिनैती करता था। उसके कब्जे से पीली धातु की चेन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर 2026 को राजीव नगर घोसियाना निवासी रंजीत सिंह ने पीजीआई थाने में तहरीर दी थी। बताया गया कि उनकी मां घर के पास टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक ने उनके गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मारकर उसे छीन लिया और फरार हो गया। मामले में पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने तकनीकी, मैनुअल और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच शुरू की। पुलिस ने 1 अक्टूबर को मनोज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चेन स्नैचिंग की घटना को स्वीकार किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कई वर्षों से झपटमारी और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहा है तथा चोरी और छिनैती के सामान को बेचकर जीवन-यापन करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 50 वर्षीय मनोज गुप्ता पुत्र स्वर्गीय ब्रिज नारायण के रूप में हुई है। उसका मूल पता बिहारीपुर मोहल्ला, सआदतगंज लखनऊ बताया गया है, जबकि वर्तमान में वह खरिका तेलीबाग स्थित स्वरूप नगर में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हथियार, मादक पदार्थ और अन्य धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। पीजीआई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पीली धातु की चेन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक पीजीआई सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
