
पाटन उन्नाव। थाना बिहार क्षेत्र के ग्राम गनेशीखेड़ा निवासी देवारी लाल पुत्र तित्तर ने उपजिलाधिकारी बीघापुर एवं सम्पूर्ण समाधान दिवस अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम बिहार स्थित सुरक्षित भूमि से अवैध कब्जा हटाने और खेत में बह रहे गंदे पानी को रोकने की मांग की है।पीड़ित ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि गाटा संख्या 1309 व 1310 उसकी पैतृक भूमि है, जिसके बगल में रास्ता है। रास्ते के दूसरी ओर गाटा संख्या 1051 (खाद के गड्ढे) एवं गाटा संख्या 1052 (नवीन परती) सुरक्षित भूमि के रूप में दर्ज हैं। आरोप है कि ग्राम के कुछ लोगों ने इन सुरक्षित भूमि खंडों पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान बना लिए हैं, जो पूर्णतः गैरकानूनी है।देवारी लाल का कहना है कि कब्जाधारी अपने घरों का गंदा पानी उसके खेत में बहा रहे हैं, जिससे खेतों में जलभराव हो रहा है और फसलें नष्ट हो रही हैं। उसने खेत की सुरक्षा हेतु एक ओर नाली बनाई, ताकि पानी पूरे खेत में न फैले, लेकिन कब्जाधारी नाली तोड़ने की धमकी दे रहे हैं।पीड़ित ने अधिकारियों से मांग की है कि कमलू पुत्र बाबू, राजू पुत्र मैकू, मनमौजी पुत्र सूद्ध आदि को सख्त चेतावनी दी जाए कि वे खेत में गंदा पानी न बहाएं और नाली को नुकसान न पहुंचाएं। साथ ही, लेखपाल को निर्देशित कर सुरक्षित भूमि से अवैध कब्जा हटवाया जाए, ताकि किसान को राहत मिल सके। देवारी लाल ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो खेतों की फसलें पूरी तरह से नष्ट हो जाएंगी। किसान ने मांग की है कि मामले में न्यायसंगत कार्रवाई कर उसे राहत दिलाई जाए।
