प्रशासन की उदासीनता से नाराज यूनियन कार्यकर्ताओं ने दी चेतावनी

उन्नाव। बीघापुर तहसील क्षेत्र के बिहार–मौरावां मार्ग स्थित देवारा मोड़ के पास गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) द्वारा स्लिप मार्ग निर्माण की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 11वें दिन भी जारी रहा। यह धरना 15 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ हुआ था।
किसानों का कहना है कि उपजिलाधिकारी रणवीर सिंह ने धरने के प्रारंभिक दिनों में मांग पत्र पर कार्यवाही का आश्वासन दिया था, किंतु अब तक विभागीय स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की उदासीनता के कारण उन्हें आंदोलन जारी रखने पर मजबूर होना पड़ रहा है।धरने में शामिल यूनियन कार्यकर्ता अपनी मांग पर अडिग हैं। दीपावली जैसे बड़े पर्व पर भी उन्होंने परिवारों के साथ त्योहार न मनाकर जनहित में संघर्ष को प्राथमिकता दी है, जिससे उन्होंने मिसाल पेश की है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और समर्थक धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं।धरना प्रदर्शन के संयोजक एवं भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के जिला उपाध्यक्ष मुन्ना सिंह ने कहा कि जब तक स्लिप मार्ग निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने समय रहते किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो इसकी पूरी नैतिक जिम्मेदारी स्वयं शासन-प्रशासन की होगी।रविवार को धरना स्थल पर राजेश कुमार, विकास सिंह चौहान, देवतादीन, प्रहलाद, विनोद, पवन कुमार, बिंदाप्रसाद, अनिल कुमार, अवनी, पल्लवी, अनिकेत, प्रियांशी, राजकुमारी, अनमोल, अमन, ज्ञानदेवी सहित सैकड़ों यूनियन कार्यकर्ता मौजूद रहे।
