
उन्नाव। आज दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक उन्नाव जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी प्रेमचंद, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थानों पर पंजीकृत अभियोगों की समीक्षा की और गंभीर अपराधों के लंबित मामलों का शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने, तथा गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व एनएसए के तहत कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।जनशिकायतों के त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण, अवैध शराब, जुआ, मादक पदार्थ व अवैध शस्त्रों के खिलाफ सतत अभियान चलाने तथा गंभीर अपराधों व पॉक्सो एक्ट के मामलों में प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक सजा दिलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया।भीड़भाड़ वाले व संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी गश्त एवं सतर्क निगरानी रखने, जमीनी विवादों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने, आईजीआरएस आवेदकों से स्वयं वार्ता कर फीडबैक लेने, तथा पीआरवी वाहनों की रैंडम चेकिंग करने के निर्देश भी दिए गए।आगामी छठ पूजा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, महिला पुलिस बल की उपलब्धता और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।गोष्ठी के अंत में पुलिस अधीक्षक ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने और आगामी त्योहारों को सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
