उन्नाव। आगामी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में जिला निर्वाचन कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि यह अभियान अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर संचालित किया जाएगा। इसके तहत—
- तैयारी, प्रशिक्षण व मुद्रण : 28 अक्टूबर से 3 नवम्बर 2025 तक
- गणना अवधि (House to House Enumeration) : 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक
- मतदान केंद्रों का युक्तिकरण व पुनर्विन्यास : 4 दिसम्बर 2025 तक
- प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन : 9 दिसम्बर 2025
- दावे-आपत्तियाँ दाखिल करने की अवधि : 9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026
- सत्यापन एवं निस्तारण : 9 दिसम्बर से 31 जनवरी 2026
- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन : 7 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि बी.एल.ओ. (BLO) गणना से पहले राजनीतिक दलों के बी.एल.ए. (BLA) के साथ बैठक कर उन्हें प्रक्रिया की जानकारी देंगे। बीएलओ और बीएलए मिलकर मतदाता सूची का अध्ययन कर आवश्यक सुधारों की पहचान करेंगे। आयोग ने बीएलए को थोक में आवेदन देने की अनुमति दी है, लेकिन मसौदा प्रकाशन से पहले प्रतिदिन 50 और उसके बाद 10 से अधिक आवेदन नहीं लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि गणना चरण के दौरान किसी भी मतदाता से दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे, केवल गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरवाया जाएगा। यदि कोई घर बंद मिलता है, तो बीएलओ वहां प्रपत्र छोड़कर तीन बार पुनः दौरा करेगा।
जिन निर्वाचकों के गणना प्रपत्र वापस नहीं आए हैं, उनके बारे में बीएलओ पड़ोसी मतदाताओं से जानकारी लेकर अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत जैसी स्थिति निर्धारित करेंगे। ऐसी सूचियाँ संबंधित पंचायत भवन, नगरीय निकाय या ब्लॉक कार्यालयों में प्रदर्शित की जाएंगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं और कोई अपात्र व्यक्ति शामिल न हो। वृद्ध, दिव्यांग, बीमार तथा निर्धन मतदाताओं को विशेष सहयोग प्रदान किया जाएगा और आवश्यकता अनुसार स्वयंसेवक भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में अंतिम बार गहन पुनरीक्षण वर्ष 2003 में किया गया था। अब पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं को अपने गणना प्रपत्र के साथ किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। मतदाता सूची सभी बीएलओ को मुद्रित रूप में उपलब्ध कराई जाएगी तथा आयोग की वेबसाइट से भी डाउनलोड की जा सकेगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड़, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उन्नाव तहसील सदर, तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि —
भाजपा से दिनेश गुप्ता, सपा से हेमंत कुमार पाल व छोटेलाल, बसपा से मूलचंद लोधी, कांग्रेस से सैयद सागर व अजय गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
