
मानकों के अनुरूप प्रवेश प्रक्रिया न अपनाने की शिकायतों पर शासन ने बनाई जांच समिति
पाटन उन्नाव।उत्तर प्रदेश सरकार ने निजी, अशासकीय व सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में मानकों के अनुरूप प्रवेश प्रक्रिया न अपनाए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए छात्रों के हितों की रक्षा तथा मानकों के अनुपालन के उद्देश्य से प्रभावी कदम उठाए हैं। इसी क्रम में शासन के निर्देश पर महाविद्यालयों की जांच के लिए समिति गठित की गई है।बुधवार को तहसील बीघापुर क्षेत्र में गठित पांच सदस्यीय जांच समिति ने कई महाविद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम में नायब तहसीलदार विजय रंजन श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी बीघापुर सुची गुप्ता, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज पांडे और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

समिति ने सद्गुरु महाविद्यालय धानीखेड़ा, बैसवारा महाविद्यालय विसेनमऊ, चौधरी महादेव प्रसाद महाविद्यालय पाल्हेपुर, डॉ. शिवसागर लाल महाविद्यालय पनहन, महाप्राण निराला महाविद्यालय ओसियां, बाबू जयशंकर गया प्रसाद महाविद्यालय छाछीराईखेड़ा सुमेरपुर तथा अमर शहीद राव रामबक्स महाविद्यालय गौरा का निरीक्षण किया।इस दौरान समिति ने प्रवेश प्रक्रिया, शिक्षण व्यवस्था, दस्तावेजों की जांच सहित आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया।
नायब तहसीलदार विजय रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जांच की जा रही है। समिति अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को प्रेषित करेगी।
