
उन्नाव। बच्चों को मोबाइल की लत से बचाने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्रा ने एक अनूठी पहल शुरू की है। इस पहल के तहत नगर क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय हाकिम टोला में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका संचालन शिक्षिका रंजना पटेल ने किया।
कार्यक्रम के दौरान दारोगा अनूप मिश्रा ने बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक नुकसानों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल की लत से बच्चों की एकाग्रता में कमी आती है, आँखों पर तनाव बढ़ता है, नींद की समस्या और चिड़चिड़ापन जैसी परेशानियाँ होती हैं। हिंसक गेम और अधिक स्क्रीन टाइम से बच्चे आक्रामक और भावनात्मक रूप से कमजोर हो सकते हैं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के साथ अधिक समय बिताएँ और उन्हें खिलौने, किताबें व शारीरिक खेलों में व्यस्त रखें, जिससे उनका समग्र विकास हो सके।
साथ ही, बच्चों को साइबर अपराधों के बारे में जागरूक करते हुए अनूप मिश्रा ने बताया कि किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, आधार नंबर या बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। उन्होंने साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, बीमा व गेम फ्रॉड जैसे मामलों की जानकारी देते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी।
कार्यक्रम में हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112 और 1930 की जानकारी दी गई तथा आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों से बच्चों को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता शैलेंद्र पाण्डेय ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की शपथ दिलाई। रंजना पटेल ने अनूप मिश्रा और शैलेंद्र पाण्डेय को पौधा भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में शिक्षिकाएँ रंजना पटेल और पुष्पा देवी सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।
