मौरावां (उन्नाव)। गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर बुधवार को हिलौली क्षेत्र की स्थायी गौशाला देवमई और अस्थायी गौशाला तिसन्धा में विधिविधानपूर्वक गायों का पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान पहुंचे हिलौली ब्लाक प्रमुख दिलीप कुमार दीक्षित सहित क्षेत्रीय अधिकारियों ने गोवंश की सेवा की और उनकी आरती उतारी।
ब्लाक प्रमुख दिलीप दीक्षित ने कहा कि गंगा और गाय भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। प्रदेश सरकार द्वारा गौशालाओं के निर्माण से अब आवारा गोवंश सड़कों पर भटकने से सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि गाय की सेवा करने से व्यक्ति पुण्य लाभ प्राप्त करता है और जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि आती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोसेवा से पापों का नाश होता है और घर-परिवार में सकारात्मकता का वास होता है।इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख ने स्वयं गायों को गुड़ खिलाया और उनके स्वास्थ्य व कल्याण की कामना की। उन्होंने उपस्थित लोगों से गोसेवा को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्वनाथ प्रताप सिंह, प्रधान सौरभ सिंह, प्रधानपति रामबाबू लोधी, सचिव विपिन कुमार, विवेक सिंह, अनूप साहू, जेपी सोनकर सहित सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।पूरे आयोजन में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण व्याप्त रहा।
