उन्नाव। कलक्ट्रेट के पन्नालाल सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड़ की अध्यक्षता में धान खरीद विपणन वर्ष 2025-26 के संबंध में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमिताभ यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित क्रय एजेंसियों के प्रतिनिधि व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यशाला में अधिकारियों और एजेंसी प्रतिनिधियों को धान खरीद प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने निर्देश दिया कि सभी क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए पानी, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ उचित व्यवहार हो तथा किसी भी किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े।गोंड़ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि खरीद शुरू होने से पहले सभी केंद्र पूरी तरह क्रियाशील रहें और किसानों का धान प्रत्येक दशा में खरीदा जाए। सत्यापन कार्य में कोई लापरवाही न हो और शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी स्थिति में केंद्र से बिना धान बेचे वापस न लौटें।जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 40 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें विपणन शाखा के 16, पीसीएफ के 22 और भारतीय खाद्य निगम (FCI) के 2 केंद्र शामिल हैं। जनपद में कुल 35 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है — जिसमें विपणन शाखा का 22,000, पीसीएफ का 11,000 तथा भारतीय खाद्य निगम का 2,000 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित है।धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2369 प्रति क्विंटल तय किया गया है। खरीद सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। किसानों का पंजीकरण FCS.up.gov.in पोर्टल या किसी भी जनसेवा केंद्र के माध्यम से किया जा सकता है।बैठक में ए.आर. कोऑपरेटिव विभाग, एम.ओ., एम.आई., क्रय एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।