आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आजमगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावा और दान सामग्री की चोरी के मामले में सरकार से जवाब मांगा और निष्पक्ष जांच की मांग की।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अयोध्या के कई दौरे किए, लेकिन उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं द्वारा भगवान रामलला को अर्पित की गई कीमती वस्तुओं के गायब होने के मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उनका कहना था कि अब तक केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है, जबकि बड़े जिम्मेदार अधिकारियों तक जांच नहीं पहुंची है।
उन्होंने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है। यदि दान सामग्री में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
देखें वीडियो:
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला | सरकार से मांगा जवाब | Azamgarh News | SP | BJP
पंचायत चुनाव को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब सरकार “वन नेशन, वन इलेक्शन” की बात करती है, तो उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव समय पर क्यों नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पंचायत चुनाव कराने में असफल रही है।
सपा प्रमुख ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि जनता मौजूदा सरकार की नीतियों का जवाब चुनाव के माध्यम से देगी।
इस दौरान अखिलेश यादव ने कई समसामयिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और सरकार से पारदर्शिता, जवाबदेही तथा निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
