नोएडा। अंतरराष्ट्रीय MSME दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में आयोजित यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चतुर्थ संस्करण की कर्टेन रेजर सेरेमनी में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नोएडा एवं दादरी विधानसभा क्षेत्रों में लगभग ₹2,479 करोड़ की लागत से तैयार 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नोएडा प्राधिकरण के नए मुख्य प्रशासनिक भवन का उद्घाटन भी किया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को टूल किट, चेक एवं प्रशस्ति-पत्र वितरित कर उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार की उद्योग, निवेश और एमएसएमई को बढ़ावा देने वाली नीतियों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बनकर उभर रहा है और निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आधुनिक अवसंरचना, बेहतर कानून व्यवस्था, उद्यमिता को बढ़ावा और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर, औद्योगिक रूप से सशक्त और विकसित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र प्रदेश की आर्थिक प्रगति की रीढ़ है और सरकार इस क्षेत्र को अधिक प्रतिस्पर्धी एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आगामी यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलेगी, जिससे स्थानीय उद्योगों और उद्यमियों को व्यापक लाभ प्राप्त होगा।
