कृष्णा सैनी की शेष बीसीए शिक्षा का खर्च स्वयं वहन करेंगे समाजवादी नेता, कहा— क्षेत्र के हर बेटे के सपनों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी
उन्नाव। 166, भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी नेता अंकित सिंह परिहार ने सुमेरपुर ब्लॉक के ग्राम छाछीराईखेड़ा पहुंचकर पूर्व प्रधान स्वर्गीय देवी सहाय सैनी (मन्नी) के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
परिवार से बातचीत के दौरान अंकित सिंह परिहार को जानकारी मिली कि दिवंगत के पुत्र कृष्णा सैनी बीसीए के छात्र हैं और प्रथम वर्ष की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी कर चुके हैं। परिवार की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने कृष्णा सैनी की शेष बीसीए शिक्षा का पूरा खर्च स्वयं वहन करने की घोषणा की।
इस अवसर पर अंकित सिंह परिहार ने कहा कि क्षेत्र के लोगों का सुख-दुख केवल उनका निजी विषय नहीं, बल्कि समाज और जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार का होनहार बेटा आर्थिक या पारिवारिक संकट के कारण अपने सपनों से समझौता करने को मजबूर हो, तो उसके साथ खड़ा होना हमारा नैतिक कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र का कोई भी प्रतिभाशाली युवा केवल संसाधनों के अभाव में अपनी शिक्षा और भविष्य से वंचित न रहे। शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है, इसलिए युवाओं के सपनों को साकार करने में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
अंत में अंकित सिंह परिहार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
