उन्नाव। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर मनाए जा रहे ‘संविधान मान स्तंभ दिवस’ के तहत सोमवार को भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पोटरिहा स्थित बाबा साहब स्मारक पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजवादी नेता अंकित सिंह परिहार ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंकित सिंह परिहार ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को समानता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की मजबूत नींव प्रदान की। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना और उसके मूल्यों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक न्याय की विचारधारा को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और भाईचारे का संदेश देते हैं, जिनका अनुसरण करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने और संविधान के सम्मान एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
