लखनऊ। केंद्र और राज्य सरकारें आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए लगातार योजनाएं चला रही हैं, लेकिन लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली इन योजनाओं पर पानी फेरती दिख रही है। राजधानी लखनऊ के बक्कास क्षेत्र स्थित खुर्दही कटरा हेल्थ एटीएम सेंटर पिछले कई दिनों से बंद पड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय नागरिकों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जब मीडिया टीम मौके पर पहुंची, तो सेंटर पूरी तरह बंद मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेंटर का कर्मचारी कभी-कभी थोड़ी देर के लिए आता है और फिर गायब हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि “सेंटर खुलने के शुरुआती दिनों में सुविधा मिलती थी, लेकिन अब महीनों से यह बंद है।”
सूत्रों के अनुसार, सेंटर कर्मचारी खुलेआम यह कहते हैं कि “मुझे कोई हटा नहीं सकता, मेरे पास ऊपर तक पावर है।” सेंटर कर्मचारी का घर पास में ही होने के बावजूद उसकी मनमानी और गैर-जिम्मेदारी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।
सरकार की महत्वाकांक्षी हेल्थ एटीएम योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को नजदीक स्वास्थ्य जांच सुविधा देना था, लेकिन केंद्र के लगातार बंद रहने से यह योजना विफल होती दिख रही है। मरीजों को अब निजी क्लिनिकों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उन्हें महंगी जांचों के लिए अधिक भुगतान करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर प्रशासन कब ऐसे लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा? जनता का कहना है कि यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो शासन की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि इस मामले में तत्काल जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा नियमित और जिम्मेदार कर्मियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
