पाटन उन्नाव। स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री एवं उप प्रधानमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को थाना बिहार परिसर में “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ थानाध्यक्ष बिहार राहुल सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में किया गया। इस अवसर पर थाने के सभी अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिकों तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारे लगाए। यह दौड़ कस्बा बिहार से त्रिवेणी काशी इंटर कॉलेज तक लगभग दो किलोमीटर की दूरी तक आयोजित की गई।कार्यक्रम के अंत में थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव प्रेरणादायक रहेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में एकजुट रहने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी,अध्यापक और ग्रामीण मौजूद रहे।
