संपादकीय सलाहकार /सुर्य पाल (प्रोटेक )
पाटन (उन्नाव)। बीघापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा ममरेजपुर (पनहन) में पाटन–पुरवा मार्ग के अचलेश्वर महादेव बाबा मंदिर के पीछे से कस्बे की ओर जाने वाला खड़ंजा मार्ग ग्रामीणों की परेशानी का कारण बना हुआ है। वर्षों से इस मार्ग पर गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों तथा राहगीरों का आवागमन अत्यंत दूभर हो गया है। बरसात या हल्की वर्षा के बाद यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ में बदल जाता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि नालियों की उचित निकासी व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी खड़ंजे पर फैल जाता है और लंबे समय तक ठहरने से दुर्गंध व मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। इससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
स्थानीय समाजसेवी सकील अहमद ने बताया कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है। कई बार इसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन सुगम बनाया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और संक्रामक बीमारियों से बचाव हो सके।
