उन्नाव। जनपद के ब्लॉक बीघापुर एवं विधानसभा भगवंतनगर-166 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों के ग्रामीणों ने सड़क किनारे उगे झाड़-झंखाड़ और पेड़ों की अत्यधिक बढ़त को लेकर गंभीर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि शारदा नहर से होकर जंगलीखेड़ा, पहाड़पुर, कुलहा, महाई, लालगंज, पंसरिया, सारांय, दुबेपुर, भैंसई आदि गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर झाड़-झंखाड़ इस कदर फैल गए हैं कि वहां से गुजरना अब जोखिम भरा हो गया है।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग और कामकाजी लोग बीघापुर बाजार, पावर हाउस, ब्लॉक कार्यालय, कोतवाली, स्कूल-कॉलेज आदि के लिए आवागमन करते हैं। झाड़ियों के कारण सड़क संकरी हो गई है और वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों या राहगीरों को देखना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना की संभावना हर समय बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग NH-31 से जुड़ा हुआ है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने जनपद प्रशासन, बीघापुर ब्लॉक और विधानसभा भगवंतनगर के सभी जिम्मेदार प्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे तत्काल इस सड़क का निरीक्षण कर झाड़-झंखाड़ की सफाई कराएं, ताकि आमजन को दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके।
