कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ आयोजन, 8 नवंबर को होगा कवि सम्मेलन
पाटन (उन्नाव)। तहसील बीघापुर मुख्यालय पाटन के अंतर्गत ग्राम शुक्ला खेड़ा स्थित शारदा सदन में शनिवार को सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा के प्रथम दिवस श्रद्धा और भक्ति का माहौल छाया रहा।
कथा वाचक आचार्य श्री कृष्ण द्विवेदी (साहित्याचार्य, साहित्यरत्न) ने श्रीमद् भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि यह केवल कथा नहीं बल्कि एक पूर्ण शास्त्र है, जो मानव जीवन को धर्म, ज्ञान और भक्ति के मार्ग पर अग्रसर करता है। उन्होंने श्री सुकदेव जी के प्राकट्य प्रसंग का विस्तारपूर्वक वर्णन किया।
कार्यक्रम के आयोजक श्री बृजभूषण त्रिवेदी ‘विद्या वाचस्पति’, साहित्यकार एवं हृदय आंगन साहित्यिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संस्था के संस्थापक अध्यक्ष ने बताया कि यह आयोजन गांव में लगातार पाँचवीं बार किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सनातन धर्म की प्रतिष्ठा और संस्कृति के संवर्धन को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन विविध आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। आगामी 8 नवंबर की रात्रि में एक भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रदेशों के कवि एवं कवियित्रियां अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
कथा स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, भक्तजन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। भक्तिमय वातावरण में ‘हरे कृष्ण’ और ‘राधे गोविंद’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
