बकरी खदेड़ते वक्त बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आया ग्रामीण, पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल
पाटन (उन्नाव)। थाना बिहार क्षेत्र के ग्राम आटमन्नूखेड़ा में शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, राजाराम (50 वर्ष) पुत्र कैलाश शनिवार दोपहर करीब एक बजे घर के पास काम कर रहे थे। इस दौरान दरवाजे के पास लगे बिजली के खंभे के पास चर रही बकरी को खदेड़ने गए। तभी खंभे के अर्थ तार में उतरे करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर थाना बिहार की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक राजाराम अपने परिवार में दो पुत्र हेमंत कुमार (20 वर्ष) और प्रवीण (17 वर्ष) सहित पत्नी मीना देवी को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से लापरवाही पर नाराजगी जताई और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
