लखनऊ।पुलिस मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एवं पुलिस उपाधीक्षक दीप्ति शर्मा को सम्मानित किया गया। यह अवसर पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के लिए गौरव का क्षण बना। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने दीप्ति के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुशासन, समर्पण और उपलब्धियाँ न केवल पुलिस बल, बल्कि प्रदेश की हर बेटी के लिए प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम में आईजी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने दीप्ति शर्मा के क्रिकेट करियर, शुरुआती संघर्ष, महत्वपूर्ण मैचों में उनकी भूमिका और विश्वस्तरीय उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उनका संबोधन सुनकर सभागार उत्साह और तालियों से गूंज उठा।
अपने उद्बोधन में दीप्ति शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खेल-प्रोत्साहन एवं स्पोर्ट्स कोटा नीति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों ने खिलाड़ियों को नए अवसर प्रदान किए हैं और उन्हें वर्दी में सेवा करने का सम्मान मिला है।
कार्यक्रम का सबसे प्रेरक क्षण तब देखने को मिला जब पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों ने दीप्ति से सवाल पूछे। दीप्ति ने सरल, स्नेहपूर्ण और उत्साहजनक उत्तर देते हुए बच्चों का मनोबल बढ़ाया, मानो एक विश्वस्तरीय खिलाड़ी अपने अनुभव से नई पीढ़ी को दिशा दे रही हो।
