पाटन (उन्नाव)।तहसील बीघापुर क्षेत्र के भैरमपुर–मलौना संपर्क मार्ग की हालत दिनों-दिन दयनीय होती जा रही है। कभी पक्की रही यह सड़क अब पूरी तरह कच्चे रास्ते में बदल चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का अधिकांश हिस्सा उखड़कर गड्ढों में बदल गया है, जिससे आए दिन लोग फिसलकर या वाहन पलटने से घायल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में किसान, छात्र-छात्राएँ, महिलाएँ और मजदूर आवाजाही करते हैं। लेकिन सड़क की दुर्दशा के कारण पैदल चलना तो दूर, बाइक और साइकिल तक संभालना मुश्किल हो गया है। थोड़ी बारिश होने पर सड़क कीचड़ में बदल जाती है और वाहनों का फंसना आम बात हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग की खराब स्थिति कई महीनों से बनी हुई है, इसके बावजूद अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया।
आवागमन बाधित होने से स्कूली बच्चों और बीमार लोगों के लिए भी यह रास्ता परेशानी का सबब बन गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि भैरमपुर–मलौना मार्ग का तत्काल सर्वे कराकर इसकी मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
